Search

Newsletter image

Subscribe to the Newsletter

Join 10k+ people to get notified about new posts, news and tips.

Do not worry we don't spam!

बारिश बनी काल, कच्चे मकान की दीवार ढही; मलबे में दबकर 65 वर्षीय किसान की मौत

By ARUN KUMAR GUPTA
अमेठी जिले में लगातार हो रही बारिश अब ग्रामीण इलाकों में आफत बनती जा रही है। सरूवावा नया का पुरवा गांव में बारिश के बीच कच्चे मकान की दीवार अचानक ढह गई। हादसे में मलबे के नीचे दबकर 65 वर्षीय किसान श्यामलाल चौहान की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। सूचना मिलने पर राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लेना शुरू कर दिया। बताया गया कि श्यामलाल चौहान खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। शाम को खेत से लौटने के बाद वह घर की कच्ची दीवार से सटे सीमेंट की चादर वाले बरामदे में आराम कर रहे थे। लगातार बारिश के चलते दीवार में नमी आ गई थी। इसी दौरान अचानक दीवार भरभराकर उनके ऊपर जा गिरी और वह मलबे में दब गए। दीवार गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़कर पहुंचे। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर श्यामलाल को बाहर निकाला। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर कर दिया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के समय श्यामलाल की पत्नी सोमना भी घर में मौजूद थीं, लेकिन उन्हें कोई चोट नहीं लगी। दीवार गिरने से घर में रखा घरेलू सामान भी मलबे में दबकर खराब हो गया। इंस्पेक्टर बृजेश सिंह के अनुसार, जिला अस्पताल सुल्तानपुर में मौत होने के कारण पोस्टमार्टम की प्रक्रिया वहीं से कराई जा रही है। घटना की जानकारी राजस्व विभाग को भी दे दी गई है। एसडीएम पंकज मिश्र ने बताया कि मकान अथवा दीवार के मलबे में दबकर होने वाली मौत दैवी आपदा के अंतर्गत आती है। राजस्व टीम को गांव भेजकर क्षति का आकलन और घटना की रिपोर्ट मांगी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी। वहीं, मृतक के बेटे मनोज कुमार ने आवास योजना को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि उन्हें और उनके पिता को अब तक आवास योजना का लाभ नहीं मिला। मनोज का कहना है कि यदि परिवार के पास पक्का मकान होता तो शायद यह हादसा टल सकता था। इस संबंध में बीडीओ दिव्या सिंह ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि परिवार को आवास योजना का लाभ मिला था या नहीं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी। श्यामलाल की मौत की खबर घर पहुंचते ही पत्नी सोमना का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पति के शव से लिपटकर वह लगातार बिलखती रहीं। उनका दर्द देखकर वहां मौजूद ग्रामीण भी भावुक हो गए।

RS Technology Web Solution

Professional Website & Software Development Services

RS Technology Web Solution is a leading provider of innovative digital solutions, specializing in custom website development, e-commerce platforms, and enterprise software solutions. With years of experience and a passion for technology, we help businesses establish a powerful online presence and streamline their operations through cutting-edge technology.

Website Development
E-commerce Solutions
Company Portfolio
Custom Software Development
Mobile App Development
Cloud Solutions

Related News